इन घरेलू उपायों से मिलेगा साइटिका के दर्द में आराम
साइटिका का दर्द बहुत आम है। साइटिका एक नस होती है तो कुल्हे से लेकर पैर के पिछले हिस्से से होते हुए एडी तक जाती है। इसमें बहुत तेज दर्द उठता है। दर्द मिटाने वाली दवाओं से तत्काल राहत तो मिल जाती है, लेकिन इससे लंबे समय तक फायदा नहीं होता है और दवाओं से साइड इफेक्ट होते हैं सो अलग। इसलिए साइटिका के इलाज के लिए आयुर्वेदिक इलाज को महत्व दिया जाता है। डॉ. के अनुसार, साइटिका को आयुर्वेद में गृध्रसी के रूप में जाना जाता है। यानी खराब पाचन के कारण यह दर्द होता है। सेहत को नुकसान पहुंचाने वाले खाद्य पदार्थों के कारण नसों में हानिकारक पदार्थ जम जाते हैं और ये दर्द का कारण बनते हैं।
साइटिका का सबसे कारगर इलाज है मालिश। नारियल तेल या सरसों के तेल के अलावा प्रसारिणी तेल, निर्गुन्डी औषधि, महानारायण तेल, दशमूल तेल, सहचारी तेल, तिल का तेल का उपयोग कर सकते हैं। साइटिका का दर्द ठंड के दिनों में ज्यादा परेशान करता है। ऐसे में सरसों के तेल को थोड़ा गर्म करके इस्तेमाल करें। पैरों को ठंड से बचाएं। हारसिंगार से साइटिका का कारगर इलाज होता है। हारसिंगार के पत्तों और छाल को पानी में उबाल लें। पानी ठंडा होने के बाद छान लें और रोज सुबह खाली पेट पिएं। साइटिका का दर्द धीरे-धीरे खत्म हो जाएगा। इसी तर्ज पर अजवाइन का उपयोग होता है। अजवाइन का जूस पीने से पैरों की सूजन भी दूर होती है। मेथी दाना का सेवन साइटिका दूर करता है। सुबह उठते ही एक चम्मच मेथी दाना पानी के साथ खाएं। इससे साइटिका समेत कई बीमारियों से छुटकारा मिलेगा।
डॉ. के अनुसार, जायफल साइटिका का जांचा-परखा इलाज है। जायफल को बारीक पीस लें और तिल के तेल में भून लें। इस तेल की नियमित मालिश करने से पैरों की सूजन भी दूर हो जाती है। यह गठिया का भी पुख्ता इलाज है। मांसपेशियों को मजबूत करने में अश्वगंधा का तेल भी इस्तेमाल होता है। अश्वगंधा को तिल के तेल में डालकर मालिश करें। इससे न केवल साइटिका बल्कि पैरों का सुन्न होना, मांसपेशियो की ऐंठन और पीठ दर्द भी दूर होता है। साइटिका के इलाज में अरंडी की जड़ और छाल का उपयोग किया जाता है।
नियमित व्यायाम दिलाता है साइटिका के दर्द से मुक्ति
साइटिका के दर्द से बचना है तो पैरों की नियमित एक्सरसाइज करें। नियमित व्यायाम से पैरों की मांसपेशियां मजबूत होती हैं और दर्द दूर करने वाले हार्मोन्स निकलते हैं। उम्रदराज लोगों में साइटिका की शिकायत ज्यादा रहती है। ये लोग कुर्सी पर बैठकर भी आसान व्यायाम कर सकते हैं। अदरक का पेस्ट बनाकर दर्द वाले स्थान पर लगाएं। आराम मिलेगा। इसी तर्ज पर कपूर, पिप्पली का पेस्ट, तिल के तेल का पेस्ट बनाकर उपयोग किया जा सकता है। लहसुन का दोतरफा उपयोग किया जा सकता है। इसकी कलियों को तवे पर सेक कर खाएं। वहीं पेस्ट बनाकर पैरों पर लगाएं।